फतेहगढ़ स्थित छावनी क्षेत्र में शनिवार को प्रदेश के 17 जनपदों के युवक सेना भर्ती में शामिल हुए। 6000 युवकों की 52 शिफ्टों में दौड़ कराई गई। इसमें 281 ने बाजी मारी। अधिकारियों ने 128 युवकों का मेडिकल परीक्षण किया।
114 प्रादेशिक सेना जाट रेजिमेंट की भर्ती में प्रदेश के जनपद सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरपुर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद, अमरोहा, गाजियाबाद, हापुड़, रामपुर, बुलंदशहर, संभल, बरेली, पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर व बदायूं के अभ्यर्थी शामिल हुए। छावनी क्षेत्र के रमन स्टेडियम में अभ्यर्थियों की दौड़ कराई गई। एक बार में लगभग 125 युवक दौड़े। 52 राउंड में 6000 युवकों की दौड़ कराई गई। इनमें 281 ने दौड़ में बाजी मार ली।
कमान अधिकारी कर्नल टीजे अजित कुमार-सेना मेडल, ले.कर्नल दीपक राना, सूबेदार मेजर कैलाश चंद्र के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया चली। अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेख देखने के साथ उनकी शारीरिक नाप-जोख की गई। हवलदार क्लर्क शिवप्रताप सिंह ने बताया कि दौड़ में 281 अभ्यर्थी पास हुए हैं। शनिवार को दौड़ में पास 128 युवकों का मेडिकल परीक्षण किया गया। सात फरवरी तक सेना भर्ती प्रक्रिया चलेगी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान नायक लिपिक रंधीर सिंह, उपेंद्र सिंह, नवनीत कुमार व नायब तसब्बर आदि मौजूद रहे।