फतेहगढ़ स्थित छावनी क्षेत्र में मंगलवार को पहले दिन सेना भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। तीन राज्यों के 273 युवकों ने दौड़ लगाई। इसमें 59 युवक पास हो गए। सेना अधिकारियों ने उनका शारीरिक परीक्षण के साथ शैक्षिक प्रमाणपत्र भी देखे।
114 प्रादेशिक सेना जाट रेजिमेंट की भर्ती में बिहार, झारखंड व छत्तीसगढ़ के युवकों ने भाग लिया। कमान अधिकारी कर्नल टीजे अजित कुमार, ले. कर्नल दीपक राना, सूबेदार मेजर कैलाश चंद्र के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया चली। युवकों के शैक्षिक अभिलेख देखने के साथ उनकी शारीरिक नाप-जोख की गई। इसके बाद दौड़ में 273 युवकों ने जोश दिखाया। इसमें 59 युवक ही दौड़ में पास हो सके। हवलदार क्लर्क शिवप्रताप सिंह ने बताया कि दौड़ में पास होने वाले 59 युवकों का बुधवार को मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
इसके बाद इनकी लिखित परीक्षा होगी। इसके साथ बुधवार को भी इन्हीं तीन राज्यों से आने वाले युवकों की दौड़ व शारीरिक दक्षता की परीक्षा होगी। सात फरवरी तक सेना भर्ती प्रक्रिया चलेगी।