फर्रुखाबाद। शनिवार को जिले के 95 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के गृहविज्ञान और इंटर के ट्रेड तथा इतिहास की परीक्षा हुई। गृह विज्ञान में 530 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट के इतिहास के पेपर में 979 परीक्षार्थी शामिल हुए। डीआईओएस ने कई केंद्रों का निरीक्षण कर नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से चल रही परीक्षाओं में शनिवार को हाईस्कूल के गृह विज्ञान की 75 केंद्रों परीक्षा हुई। इन केंद्रों पर 7684 छात्रों का सेंटर था। सुबह की पाली में हुई परीक्षा में 7154 परीक्षार्थी ही पहुंचे। 530 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। इसी पाली में कक्षा 12 के ट्रेड विषयों में 255 में से 246 छात्र-छात्राएं ही पहुंचीं। नौ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शाम की पाली में कक्षा 12 के इतिहास का पेपर था। 57 केंद्रों पर पंजीकृत 1013 में से 979 परीक्षार्थियों पहुंचे और 57 ने परीक्षा छोड़ दी। डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह ने डीपीएस इंटर कॉलेज मूसाखिरिया समेत आठ केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में नकलविहीन परीक्षाएं करानी हैं। परिषद की ओर से दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत पालन करना है। गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।