फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट के लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट में जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई। पर, वहां अव्यवस्थाएं बनी रहीं। इससे कई छात्र-छात्राएं सभागार के बाहर खड़े रहे और बैरंग चले गए।
कार्यक्रम शुरू होने पर पास ही के जीजीआईसी व जीआईसी के छात्र-छात्राएं जल्द आ गए व सभागार में पड़ी कुर्सियों पर बैठ गए। इसके बाद रखा बालिका इंटर कालेज, जनता इंटर कालेज जिला जेल चौराहा आदि के छात्र-छात्राएं वहां पहुंचे। जगह नहीं होने से सभी को बाहर ही रोक दिया गया। बच्चों से बात की गई कि वह किस लिए आए हैं तो वह कुछ नहीं बता पाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक ने कहा था कि कलक्ट्रेट जाना है तो वह चले आए। यहां अंदर ही नहीं जाने दे रहे हैं। इसलिए वापस जा रहे हैं। दूसरी ओर अभिभावक ईश्वर दयाल ने बताया कि वह गांव से यहां तक आए और कार्यक्रम सुने बिना वापस भेजा जा रहा है।
किसी को नहीं पता किस कक्षा के छात्रों को लाना था
किसी विद्यालय को इस विषय में जानकारी नहीं दी गई थी कि किस कक्षा के बच्चों को कार्यक्रम में जाना है। वह कक्षा 6 व 8 वीं तक के छात्रों को लेकर आ गए। जबकि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को कक्षा नौ से परास्नातक तक के छात्रों को ही सुनने के लिए बुलाया जाना था।