अरबी-फारसी मदरसा बोर्ड परीक्षा में पहले दिन अव्यवस्था का बोलबाला रहा। परीक्षा केंद्रों पर सख्ती होने से 50 फीसदी ने परीक्षा छोड़ दी है। कहीं अधेड़ तो कहीं प्राइमरी स्कूल की छात्राएं परीक्षा देती मिलीं।
मंगलवार को मदरसा बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। आरपी बालिका इंटर कालेज में चार कमरों में परीक्षा चल रही थी। यहां एक कमरे में परीक्षा दे रही छात्राएं एक दूसरे की नकल करतीं देखी गईं। कक्ष निरीक्षक एक जगह बैठे बतियाते रहे।
सीटें खाली होने के बाद भी एक पर दो-दो परीक्षार्थी बैठा देख सेक्टर प्रभारी बने बीईओ सुमित कुमार सिंह ने नाराजगी जताई। कक्ष निरीक्षक ने बताया कि सीटिंग प्लान के अनुसार परीक्षार्थियों को बैठाया गया है।
इसके बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट ने आरपी इंटर कालेज का जायजा लिया। यहां उन्हें गेट पर तलाशी के दौरान परीक्षार्थियों द्वारा लाए गए बैग व अन्य सामग्री को गेट पर रखवा दिया गया। यहां एक कमरे में परीक्षा के दौरान छात्राएं मुंह बंद कर परीक्षा देती मिलीं। यहीं एक कक्ष में बहुत कम उम्र की दो छात्राएं परीक्षा देती मिलीं।
पूछने पर वह मदरसे का नाम नहीं बता सकीं। उन्होंने बताया वह क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ईसापुर की छात्राएं हैं। केंद्र व्यवस्थापक मलेश चंद्र वर्मा ने बताया कि मदरसा बोर्ड से भेजी गई सूची से मिलान के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा देने की अनुमति दी गई है।
प्रभारी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भारत सिंह ने बताया कि गेट पर एंट्री के दौरान कोई भी परीक्षार्थी बिना मिलान के परीक्षा कक्षों में जाने का आदेश नहीं है। प्राइमरी स्कूल की बच्चियों के परीक्षा देने का मामला गले नहीं उतर रहा है। इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी।
मदरसा परीक्षा की उत्तर पुस्किाओं का संकलन केंद्र जीआईसी को बनाया गया है। केंद्र प्रभारी रवींद्र सक्सेना ने बताया कि जीआईसी फर्रुखाबाद में मुंशी के पेपर में 208 में 90, मौलवी में 152 में 68, आरपी इंटर कालेज में मुंशी के पेपर में 215 में 81, मौलवी में 227 में 78, भारतीय पाठशाला में मुंशी में 189 में 57, जनता राष्ट्रीय इंटर कालेज में मुंशी में 173 में 88, मौलवी में 145 में 88,
आरपी बालिका इंटर कालेज में मुंशी में 79 में 32, मौलवी में 73 में 43 और एमआईसी में मुंशी में 05, मौलवी में 16 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि कमालगंज के श्री फीरोज गांधी जनता इंटर कालेज, शक्ति सैनिक इंटर कालेज मौदा और एसएनएम इंटर कालेज कायमगंज के केंद्र व्यवस्थापकों ने दोनों पालियों की कापियां शाम को जमा करने की बात कही है।