नाश्ते के बाद 50 बरातियों की हालत बिगड़ी
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। बरात में लौकी की लौंज व रसगुल्ला खाने से दूल्हा और दुल्हन के परिजनों समेत 50 लोगों की हालत बिगड़ गई। इससे बरात में अफरा तफरी मच गई। एंबुलेंस न आने पर गांव के डॉक्टर ने सभी का इलाज किया। हालत में सुधार होने पर दिन में शादी हुई और दुल्हन विदा की गई।
रोशनाबाद निवासी स्व.कृपाशंकर दुबे की पुत्री रुचि की बरात शाहजहांपुर जिले के थाना परौर के गांव तलिकापुर से शुक्रवार को आई थी। रात में दूल्हा अभिषेक मिश्रा के भाई विमल मिश्रा, बहनोई अमित मिश्रा समेत अन्य बरातियों और घरातियों ने नाश्ता किया। लौकी की लौंज व रसगुल्ला खाने के बाद सभी के पेट में दर्द होने से हालत बिगड़ने लगी।
दुल्हन के भाई रमन दुबे, किशन कुमार समेत दोनों पक्ष के करीब 50 लोगों की तबीयत खराब हो गई। सभी लोग पेट दर्द से परेशान हो गए। अस्पताल जाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन एंबुलेंस गांव नहीं आई। इससे गांव के एक डॉक्टर ने सभी का वहीं इलाज किया। हालत में सुधार होने के बाद शनिवार दोपहर 12 बजे शादी हुई और दुल्हन विदा की गई। भाई रमन दुबे ने बताया कि रसगुल्ला व लौकी लौंज खाने से हालत बिगड़ी थी। सभी की तबीयत अब ठीक है।