फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिपं बोर्ड की बैठक में 50.97 करोड़ के बजट का प्रस्ताव पास

विज्ञापन
फतेहगढ़ स्थित विकास भवन सभागार में बैठक में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, सीडीओ एम. अरून - फोटो : FARRUKHABAD
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 50.97 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव पास किया गया। इससे जनपद में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही इस वित्तीय वर्ष में 71.88 करोड़ का पुनरीक्षित बजट पास हुआ। 19 करोड़ से विकास कार्य कराने के लिए सदस्यों से प्रस्ताव मांगे गए हैं।
विज्ञापन

जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक हुई। एएमए नरेंद्र पाल सिंह ने पिछली बैठक की कार्रवाई से बोर्ड को अवगत कराया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 50 करोड़ 97 लाख 98 हजार 505 रुपये का अनुमानित बजट बोर्ड कमेटी में रखा।
जिला पंचायत सदस्य डॉ. सुबोध यादव ने कहा कि कार्ययोजना की जानकारी दो-तीन दिन पहले सदस्यों को उपलब्ध करानी चाहिए, जिससे सदस्यों को भी विचार करने का मौका मिले। एएमए ने अगली बैठक में ऐसा ही करने का आश्वासन दिया। सर्वसम्मति से बजट पास कर दिया गया। फिर एएमए ने वर्ष 2021-22 का 71 करोड़ 88 लाख 45 हजार 272 रुपये का पुनरीक्षित बजट रखा, उसे भी पास कर दिया।
विज्ञापन

शासन से मिले 19 करोड़ 70 लाख 74 हजार से विकास कार्य कराने के लिए जिला पंचायत सदस्यों ने प्रस्ताव मांगे गए। आईजीआरएस की शिकायतों में सड़क की मांग के प्रस्ताव बोर्ड ने सिरे से खारिज कर दिए। कहा कि सदस्यों के प्रस्ताव पर ही विकास कार्य होंगे।
इस बीच शमसाबाद द्वितीय क्षेत्र में कोई विकास कार्य न कराने के सवाल पर बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें प्रस्ताव दें, काम कराए जाएंगे। जनरेटर खरीदने, कर्मचारियों के प्रमोशन, एसीपी लगाने व होमलोन दिलाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में बिजली विभाग से कोई अधिकारी न होने पर सवाल खड़े किए गए। सीडीओ एम. अरूल्मोली ने बबना झील के निर्माण में जिला पंचायत से सहयोग मांगा।
अवैध अस्पतालों पर सीएमओ घिरे
शहर के मसेनी चौराहे के निकट अवैध रूप से चलाए जा रहे निजी अस्पतालों को मुद्दा उठाया गया। डॉ. सुबोध यादव ने कहा कि आए दिन प्रसूताओं की जान जा रही है। स्वास्थ्य विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा यह गंभीर मामला है। इस पर सीएमओ डॉ. सतीश चंद्रा ने कहा कि दो दिन पहले ही तीन अवैध अस्पताल सील किए हैं। यदि कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ढाईघाट मेला जिला पंचायत से लगवाने की सदस्यों ने मांग की।
जनप्रतिनिधियों की कुर्सी खाली रही
जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में जनप्रतिनिधि भी कमेटी के सदस्य होते हैं। बोर्ड की बैठक में सांसद मुकेश राजपूत व चारो विधायकों की कुर्सी खाली रहीं। इस दौरान पीडी राजमणि वर्मा, डीडीओ योगेंद्र कुमार पाठक, डीपीआरओ विनय कुमार सिंह सहित सभी 29 सदस्य मौजूद रहे।

फतेहगढ़ स्थित विकास भवन सभागार में बैठक में मौजूद जिला पंचायत सदस्य। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें