फर्रुखाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ठंडी सड़क में शनिवार को लगे रोजगार मेले में 48 युवाओं ने ही पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के बाद 14 लोगों को जॉब लेटर दिए गए। 17 का चयन अप्रेंटिसशिप के लिए किया गया।
मेले में करीब आधा दर्जन कंपनियों ने पंजीकरण के लिए स्टाल लगाया था, लेकिन सुबह 10.50 बजे तक इक्का-दुक्का युवा ही पहुंचे थे। सभी काउंटरों पर सन्नाटा पसरा था। 11.30 बजे लगभग नौ लोगों ने काउंटरों पर पंजीकरण कराए। मेले में युवाओं के न आने से कंपनी के को-आर्डिनेटर आपस में बतियाते नजर आए। सायं चार बजे तक रोजगार मेला में 48 युवाओं ने पंजीकरण कराया।
प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने बताया कि 175 रिक्तियों के सापेक्ष 48 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया था। इनमें साक्षात्कार के बाद 14 का चयन रोजगार के लिए करते हुए उन्हें जॉब लेटर प्रदान किए गए। इस अवसर पर कार्यानुदेशक ब्रजेश कुमार, रंजीत कुमार सुमन, विजेंद्र सिंह और राजकिशोर महतो आदि मौजूद रहे।