फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जनपद में 4,790 गरीबों को जल्द ही आवास मिलेंगे। शासन से इसकी स्वीकृति मिल गई है।
बजट आते ही लाभार्थियों के खाते में किस्त भेज दी जाएगी।
हर गरीब के पास अपनी छत हो, जिससे वह परिवार के साथ सुरक्षित जीवन बिता सकें। इसके लिए सरकार प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत गरीबों को आवास उपलब्ध करा रही है।
आवास निर्माण के लिए लाभार्थी को ढाई लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। योजना के तहत जनपद की नगर पालिका व नगर पंचायतों में आवासों के आवेदन लेने के साथ सत्यापन किया गया।
5,200 लाभार्थी पात्र पाए जाने पर नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) से डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी गई। शासन से 4,790 आवासों की डीपीआर स्वीकृत हो गई है।
इससे अब चयनित पात्र लाभार्थियों को जल्द ही आवास मिलने की उम्मीद है।
नगरीय क्षेत्र में स्वीकृत हुए 4,790 आवासों में नगरपालिका फर्रुखाबाद के 1,976, नगर पंचायत कंपिल के 1,202 व नगर पंचायत शमसाबाद के 1,612 लाभार्थी शामिल हैं।
दो वर्ष पहले नवाबगंज नगर पंचायत बनने के बाद भले ही अभी बोर्ड का गठन नहीं हुआ है, लेकिन इसमें आवास के लाभार्थियों का चयन किया जा चुका है।
कस्बे के 216 गरीबों का आवास के लिए चयन कर शासन को डीपीआर बनाकर भेजी जा चुकी है। इसके अलावा नगर पंचायत कमालगंज में आवास के लिए 108 गरीबों का चयन किया गया है।
हालांकि अभी शासन से डीपीआर स्वीकृत नहीं हुई। इससे लाभार्थियों को अभी इंतजार करना पड़ेगा।
परियोजना अधिकारी डूडा जय विजय सिंह ने बताया कि आवासों की जियो टैगिंग का काम शुरू कर दिया गया है। बजट मिलते ही लाभार्थियों के खातों में किस्त की धनराशि भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभी 410 आवासों की डीपीआर शासन में लंबित है।