नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। सीएचसी परिसर में खड़ी 108 सेवा की एंबुलेंस में सोमवार तड़के आग लग गई। डॉक्टर व स्टाफ ने मिट्टी डालकर जब तक आग पर काबू पाने की कोशिश की तब तक एंबुलेंस जल गई। कई बार फायर ब्रिगेड को फोन करने के बाद भी फोन नहीं उठा।
नवाबगंज सीएचसी की 108 सेवा की एंबुलेंस खराब हो गई है। उसे सही कराने भेजा गया है। इसी के चलते नवाबगंज सीएचसी में कायमगंज की एंबुलेंस चल रही थी। रविवार रात में चालक राकेश कुमार व ईएनटी जीवेंद्र कुमार नवाबगंज ब्लाक के गांव ढर्राशादी नगर से एक प्रसूता को अस्पताल लाए थे। इसके बाद एंबुलेंस को अस्पताल परिसर में खड़ा कर वह लोग सोने चले गए। वहीं, प्रसूता के तीमारदार एंबुलेंस के पास ही सो गए। सुबह करीब चार बजे अचानक एंबुलेंस में चट की आवाज हुई और आग लग गई।
चिकित्साधीक्षक डॉ. सुमित शाक्य और स्टाफ ने मिट्टी आदि डाल कर आग पर काबू करने का प्रयास किया गया। फार्मासिस्ट विमलेश पाल ने बताया कि कई बार फायर ब्रिगेड को फोन किया। पर फोन नहीं उठा।
बताया गया कि एंबुलेंस में आक्सीजन का एक खाली सिलिंडर रखा था। इसने आग नहीं पकड़ी। यदि इस सिलिंडर में गैस होती और आग लग जाती और अधिक गंभीर हो सकता था।
सीएचसी के हैंडपंप भी खराब
नवाबगंज सीएचसी में दो हैंडपंप लगे हैं। एक हैंडपंप करीब दो साल से खराब है। जबकि दूसरा हैंडपंप दो माह से खराब है। रिबोर के बावजूद इससे पानी नहीं आ रहा। इसके चलते भी आग बुझाने में दिक्कत आई।