फर्रुखाबाद। पुलवामा में सैनिकों की शहादत पर हो रही राजनीति का प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने विरोध जताया है। उन्होंने रविवार को राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं प्रधानमंत्री को पत्र भेजा है। जिसमें शहीद सैनिकों के बच्चों को आरक्षण व परिवार के कल्याण के लिए कदम उठाए जाने की मांग की है।
प्रसपा जिलाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्रपति को भेजे पत्र में सीमा पर जान देने वाले अर्द्धसैनिक बलों को भी शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की पेंशन पर रोक लगा दी गई। सीमा पर शहीद होने वाले जवानों के बच्चों को आरक्षण दिया जाना चाहिए। आर्मी स्कूल में ही नहीं बल्कि देश के किसी भी विद्यालय में उनके बच्चों के नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए।
शहीद सैनिक के मां-बाप का दर्द, पत्नी की पीड़ा को समझे बिना ही नेता जवानों की शहादत पर बेतुका बयान देते हैं। जिलाध्यक्ष ने अर्द्धसैन्य बल के परिवार को सम्मानित जीवन जीने के लिए इन मांगों को माना जाना आवश्यक बताया है।