फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया को बिजली से रोशन करने के लिए एक माह का अस्थाई कनेक्शन दिया जाएगा। इसमें करीब 5.85 लाख रुपये का खर्चा आएगा। यह धनराशि निगम में जमा करने के लिए एक्सईएन ने एस्टीमेट बनाकर मेला सचिव एसडीएम को भेज दिया है।
पांचालघाट गंगा तट पर 21 जनवरी से मेला रामनगरिया लग रहा है। यह 20 फरवरी तक चलेगा। इसमें एक माह तक कल्पवास करने के लिए आसपास जिलों से लोगों का आना शुरू हो गया है। मेले में प्रशासनिक पंडाल और मनोरंजन के लिए झूला, सर्कस लगेंगे। मेला को बिजली से रोशन करने के लिए मेला सचिव एसडीएम ने अस्थाई कनेक्शन दिए जाने के लिए एक्सईएन बिजली को पत्र भेजा था। इस पर एक्सईएन ग्रामीण रमेश चंद्र ने 250 किलोवाट का कनेक्शन स्वीकृत कर पांच लाख 85 हजार 48 रुपये का एस्टीमेट बनाकर मेला सचिव को भेजा है।
एक्सईएन रमेश चंद्र ने बताया कि मेला में बिजली देने को 400 केवी का ट्रांसफार्मर अलग से रखा जाएगा। राजेपुर उपकेंद्र से मेला तक विद्युत लाइन बनी हुई है। ट्रांसफार्मर रखने के बाद उसको लाइन से जोड़ दिया जाएगा। ट्रांसफार्मर के पास मीटर लगाया जाएगा। जिसके माध्यम से बिजली मेले को दी जाएगी।
वहीं, मेला राम नगरिया में बिजली व्यवस्था का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए रविवार को मेला क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही केबल डालने का काम भी शुरू कर दिया गया है।