फर्रुखाबाद। जनपद में गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में 41 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें सॉफ्टवेयर इंजीनियर, एमआर व सहकारी समिति के सचिव भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इससे जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1962 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण का विस्तार लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के मसेनी निवासी युवक हरियाणा में स्थित कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। बुखार आने पर उसने जांच कराई गई तो वह कोरोना संक्रमित निकला। वहीं, शहर के मोहल्ला बजरिया सालिगराम निवासी दवा व्यापारी, उसकी पत्नी व बेटे की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा जहानगंज निवासी सहकारी साधन समिति के सचिव के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। पांच लोग कैंट एरिया के कोरोना की चपेट में आए। इसके साथ ही ब्लॉक बढ़पुर, नवाबगंज, कायमगंज व शहर क्षेत्र के कुल 41 लोग संक्रमित हुए हैं। इससे जिले में कोरोना संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 1962 हो गई। इनमें 765 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके, जबकि 690 लोग होम आइसोलेशन पूरा कर चुके हैं। अब तक 32 संक्रमित मरीजों की जान जा चुकी है। अभी जिले में 475 केस एक्टिव हैं।