घर में अकेली वृद्धा की हत्या कर 38 हजार रुपये लूटे
मोहम्मदाबाद। शनिवार दोपहर घर पर अकेली वृद्धा के सिर पर वजनदार वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी गई। हत्यारे बक्से से 38 हजार रुपये लूटकर भाग गए। भट्ठे पर रुपये जमा करके वापस आने पर पुत्र को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
कोतवाली क्षेत्र के गांव माडल शंकरपुर निवासी रामादेवी गौर(70) के पति नरेंद्र सिंह गौर की 11 साल पहले मौत हो गई थी। उनके दो पुत्र हरेंद्र व देवेंद्र हैं। हरेंद्र फहीमाबाद में प्राइवेट नौकरी करते हैं और परिवार समेत वहीं रहते हैं। देवेंद्र मां के पास रहता है और अविवाहित है। रामादेवी गुरुवार को बेटे देवेंद्र के साथ पीएम आवास की पहली किस्त के पचास हजार रुपये बैंक से निकालकर आईं थीं और रुपये बक्से में रख दिए थे।
उनके मकान का एक कमरा पक्का बना हुआ है और बाकी दीवार व अन्य कमरे कच्चे हैं। शनिवार को देवेंद्र अपने घर से 12 हजार रुपये लेकर जहानगंज के भट्ठा मालिक को देने के लिए गया था। घर पर रामादेवी अकेली थीं। करीब दो बजे देवेंद्र वापस आया और दरवाजा खटखटाया तो किसी ने नहीं खोला। इस पर वह दीवार फांदकर मकान के अंदर घुसा तो मां को कमरे में मृत अवस्था में पाया।
उनके सिर से खून बह रहा था और सिर दीवार से सटा हुआ था। बक्सा खुला पड़ा था और उसमें रखे 38 हजार रुपये गायब थे। जानकारी पर एसपी अशोक कुमार मीणा, सीओ सोहराब आलम, एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा, कोतवाल राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुत्र देवेंद्र से पूरे मामले की जानकारी की। पुत्र भट्ठा व उसके मालिक का नाम नहीं बता पाया।
खोजी कुत्ते ने घर में ही लगाई दौड़
घटना स्थल पर डॉग स्क्वाड की टीम ने निरीक्षण किया। आस्कर(डॉग) घर के अंदर ही घूमता रहा। कई बार ट्रेनर ने उसको बाहर ले जाने का प्रयास किया लेकिन वह घर के बाहर नहीं निकला। फोरेंसिंक टीम के ओम प्रकाश ने नमूने एकत्र किए। महिला के सिर पर करीब तीन सेंटीमीटर की चोट थी। खून अधिक बह गया था। अनुमान है कि घटना तीन से चार घंटे पहले हुई थी।
बक्से के नीचे मिली कुल्हाड़ी, बेंट ताजा ही टूटा मिला
घटना स्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को रामादेवी के बक्से के नीचे एक कुल्हाड़ी मिली। उसका बेंट टूटा हुआ था। देखने पर लग रहा था कि वह जल्द ही टूटा होगा। पुलिस ने उसको अपने कब्जे में ले लिया है। उस पर किसके हाथों के निशान हैं। यह जानने की कोशिश की जा रही है।
‘रामादेवी के सिर पर प्रहार कर हत्या की गई है। बक्से से 38 हजार रुपये ले जाने की बात पुत्र देवेंद्र ने बताई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।’
- अशोक कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद