फर्रुखाबाद। वाहन मालिकों के पास कागज रखे रहे और फाइनेंस कंपनी ने 17 वाहनों के फर्जी कागजों पर 37 लाख रुपये ऋण निकाल लिया। वाहन मालिकों ने मंगलवार को जिलाधिकारी से शिकायत कर फाइनेंस कंपनी पर गबन के मामले में कार्रवाई की मांग की। भाकियू नेताओं ने दो दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाकियू (भानु गुट) जिलाध्यक्ष राजेश कुमार दीक्षित दोपहर को संजीव सिंह, मनोज कुमार सिंह, आलोक कुमार, सावेंद्र सिंह, रमेश कुमार आदि के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत की कि आवास विकास कालोनी स्थित फाइनेंस कंपनी ने बोलेरो व कार सहित 17 वाहनों के फर्जी कागजात बनवाकर 37 लाख रुपये ऋण निकाल लिया। वाहन मालिकों के फर्जी हस्ताक्षर व अंगूठा निशान का गोलमाल कर सारा धन गबन कर लिया गया। उन लोगों ने कादरीगेट थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पीड़ितों के खिलाफ ही पुलिस ने उल्टा मुकदमा दर्ज कर लिया।
वाहन मालिकों ने झूठा मुकदमा खत्म कर फाइनेंस कंपनी के खिलाफ फर्जी तरीके से ऋण निकालकर गबन का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने फर्जीवाड़े के खेल में फाइनेंस कंपनी के साथ ही संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है। भाकियू नेताओं ने पीड़ितों को न्याय न मिलने पर दो दिन बाद आंदोलन करने की बात कही। अवधेश सिंह, पंकज, शैलेंद्र सिंह, सुधाकर, चंद्रकिशोर, विजय सिंह, सुरेश आदि मौजूद रहे। विदित है कि फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने दो दिन पूर्व वाहन मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।