सिखलाई रेजीमेंट सेंटर में 353 रिक्रूट राष्ट्ररक्षा की शपथ लेकर सेना के बेड़े में शामिल हुए। एड्ज्यूटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल इंद्रजीत सिंह ने रिक्रूटों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मंलगवार को सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के चटर्जी परेड ग्राउंड पर शानदार पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया।
परेड का निरीक्षण कमांडेंट ब्रिगेडियर कबिंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि जवानों के लिए पासिंग आउट परेड का दिन बहुत ही खुशी का दिन होता है। उन्होंने कहा कि देश को प्रशिक्षित, मेहनती नौजवानों पर गर्व है। इन्होंने कहा कि सैन्य जीवन बलिदान और देशभक्ति की जीवन है। आठ टोलियों में बंटे रिक्रूटों की शानदार परेड को देखकर मौजूद लोग ताली बजाए बिना नहीं रह सके।
धर्मगुरु सर्वजीत सिंह व सूबेदार मेजर जतिंद्र सिंह ने जवानों के सामने तिरंगा व धर्मग्रंथ लेकर शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान रिक्रूट से सिपाही बने जवानों के परिजनों को भी ब्रिगेडियर कबिंद्र सिंह ने गौरव पदक लगाकर सम्मानित किया।