पुलिस पर हमले में पूूर्व प्रधान के पुत्र सहित 33 फंसे
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। चौकी इंचार्ज व सिपाहियों से मारपीट व फायरिंग के मामले में पूर्व प्रधान के पुत्र सहित 33 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गईं हैं। शुक्रवार को हुए हमले में एक सिपाही के हाथ की अंगुली टूट गई थी।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी नीबकरोरी इंचार्ज मोहित मिश्रा ने थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव मुरली बेहटा निवासी सत्यभान, पूर्व प्रधान बालिस्टर के पुत्र अमित राजपूत सहित 33 लोगों के खिलाफ पुलिसकर्मियों पर फायरिंग, मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि सिपाही दिव्यांशु, रवींद्र यादव, दीपक चौधरी के साथ अधिकारियों के आदेश पर शुक्रवार शाम वाहन चेकिंग कर रहे थे।
तभी तीन लोग एक बाइक पर सवार होकर आए। सिपाहियों ने उनको रोका और बाइक के प्रपत्र व लाइसेंस मांगा। इस पर सत्यभान, अमित व तीसरे युवक ने गाली देना शुरू कर दिया। सिपाहियों ने रोका तो अमित ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से सीधा फायर कर दिया। इसमें चौकी इंचार्ज बाल बाल बच गए। गोली की आवाज सुुनकर 30 लोग लाठी-डंडे व लोहे की रॉड लेकर आ गए।
इन लोगों ने सिपाहियों व चौकी इंचार्ज के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस को पिटता देखकर आस पास के दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके भाग गए। राहगीरों व आसपास के लोगों ने ललकारा तो यह लोग जान माल की धमकी देकर भाग गए। मारपीट में दिव्यांशु के बाएं हाथ की अंगुली टूट गई और दीपक चौधरी का होंठ कट गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।
चौकी इंचार्ज ने जनप्रतिनिधि से बात नहीं की
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो चेकिंग के दौरान अमित सहित तीन युवकों को चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा व सिपाहियों ने रोक लिया था। इसके बाद अमित ने कद्दावर जनप्रतिनिधि से मोबाइल पर बात कर चौकी इंचार्ज से भी बात करने के लिए कहा था। चौकी इंचार्ज ने बात करने से मना कर दिया। सिपाहियों ने जनप्रतिनिधि पर टिप्पणी भी कर दी थी। इसी खुन्नस में अमित के बुलाने पर पहुंचे गांव के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी जनप्रतिनिधि के घर में ही डेरा डाले हैं।