कंपिल क्षेत्र के गांव हरकरनपुर निवासी किसान का एटीएम कार्ड बदलकर किसी ने 32500 रुपये पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने बैंक जाकर फुटेज खंगाले, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव हरकरनपुर निवासी किसान अरुण कुमार का स्टेट बैंक की कृषि विकास शाखा में खाता है। उसके खाते में करीब 33 हजार रुपये से अधिक जमा थे। रविवार को वे बाजार आए तो ट्रांसपोर्ट चौराहा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पहुंचे।
वहां से 500 रुपये निकाले और घर चले गए। इस बीच किसी ने उनके एटीएम कार्ड से 32500 रुपये निकाल लिए। रुपये निकलने का मैसेज मोबाइल पर आया तो उन्हें मामले की जानकारी हुई।
अरुण ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। मंडी चौकी प्रभारी आईसीआईसीआई बैंक पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। अरुण द्वारा 500 रुपये निकालने का फुटेज मिल गया है।
इससे पुलिस का मानना है कि एटीएम कार्ड कहीं और बदला गया है। अरुण ने मऊदरवाजा थाने में घटना की सूचना दी है। मंडी चौकी प्रभारी आनंद शर्मा ने बताया कि कार्ड किसी अन्य स्थान पर बदला गया है। किसान सही बात नहीं बता रहा है।