बैंक मैनेजर सहित 32 और संक्रमित
फर्रुखाबाद। जनपद में मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में 32 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इनमें सीओ मोहम्मदाबाद, दो सिपाही, बैंक मैनेजर भी शामिल हैं। इससे जनपद में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1553 हो गई है। 645 मरीज डिस्चार्ज, 477 होम आइसोलेशन पूरा कर चुके हैं। 25 मरीजों की मौत हो चुकी, जबकि 406 केस एक्टिव हैं।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं कंटेनमेंट जोन मजाक बनते जा रहे हैं। इससे संक्रमण को और बढ़ावा मिल रहा है। इसी लापरवाही के चलते सरकारी विभागों में भी संक्रमण पैर जमा चुका है। सीओ मोहम्मदाबाद शोहराब आलम, उनका जीप चालक व यूपी-112 में ड्यूटी कर रहे प्रधान आरक्षी व एक सिपाही भी कोरोना की चपेट में आ गया।
फतेहगढ़ यूनियन बैंक के मैनेजर, आवास विकास निवासी केंद्रीय बीज भंडार के प्रभारी, मेडिकल मोबाइल यूनिट में तैनात स्वास्थ्य कर्मी, कर्नलगंज निवासी फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक के अलावा दालमंडी निवासी वृद्धा, आवास विकास व कुइयांबूट निवासी अधेड़, मसेनी निवासी महिला भी संक्रमित मिली।
शमसाबाद थाने का सिपाही, ब्लाक में तैनात एपीओ, शुकरुल्लापुर निवासी महिला, कमालगंज के मोहल्ला नई बस्ती निवासी युवक, गदनपुर देवराजपुर निवासी वृद्ध की भी पॉजिटिव रिपोर्ट आई है।
इसके अलावा कायमगंज के मोहल्ला गढ़ी निवासी युवक, गंगा दरवाजा निवासी युवक व महिला, गांव पट्टी मदारी निवासी महिला व गांव खुड़नाखार निवासी एक ही परिवार के नौ लोग संक्रमित मिले। सीओ मोहम्मदाबाद ने बताया कि वह होम आइसोलेशन में है।