फाल्ट से 300 गांवों की बिजली रही गुल
अमृतपुर। 33 केवी की लाइन में फाल्ट आने से गंगापार क्षेत्र के चार विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। इससे करीब तीन सौ गांवों की बिजली गुल हो गई। फाल्ट ठीक होने पर दो घंटेआपूर्ति हुई। इसके बाद रोस्टिंग हो गई। इससे तीन घंटे फिर बिजली गुल हो गई। बिजली न मिलने से ग्रामीण परेशान रहे।
गंगापार क्षेत्र के 300 गांवों को अमृतपुर, सलेमपुर, राजेपुर और तहसील विद्युत उपकेंद्र से बिजली दी जाती है। इन चारों उपकेंद्रों की 33 केवी लाइन एक है, जो भोलेपुर स्थित ट्रांसमिशन से गई है। कहीं पर भी इस लाइन में फाल्ट आता है तो चारों उपकेंद्र बंद हो जाते हैं। रविवार सुबह कुछ जगह पेड़ों की डालें 33 केवी की लाइन पर रख गईं।
इससे आए फाल्ट से चारों विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए। अवर अभियंता सतेंद्र कुमार व आदिल खान ने कर्मचारियों से फाल्ट को खोज कर ठीक कराया। फाल्ट के कारण करीब तीन घंटे बिजली बंद रही। 11 बजे चारों विद्युत उपकेंद्रों से गांवों को आपूर्ति दी गई।
एक बजे रोस्टिंग होने से चारों उपकेंद्र फिर बंद हो गए और गांवों की बिजली गुल हो गई। शाम करीब चार बजे रोस्टिंग समाप्त होने पर बिजली मिलना शुरू हुई। अवर अभियंता सतेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह तीन घंटे फाल्ट और दोपहर में तीन घंटे रोस्टिंग के कारण बिजली बंद रही थी।