फर्रुखाबाद। शाहजहांपुर के जलालाबाद व तिलहर तहसील के युवाओं ने सेना भर्ती में दमखम दिखाया। 5028 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। जिसमें 2975 दौड़ लगाने आए।
फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंट सेंटर में अग्निवीर भर्ती के लिए शनिवार शाम से ही जनपद शाहजहांपुर से युवा आने लगे। रविवार भोर साढ़े तीन बजे तक बरगदियाघाट में पहुंचे युवाओं के प्रपत्रों की डीआईओएस कार्यालय के कर्मचारियों ने जांच की। बरगदिया घाट से साढ़े पांच बजे युवाओं को सौ-सौ की टोलियों में रवाना किया गया।
ब्लू बेल स्कूल के पास सेना के जवानों ने युवाओं की लंबाई व सीने की नाप जोख कर उनको करियप्पा मैदान में भेजा। 1600 मीटर की दौड़ के लिए युवाओं को पांच मिनट का लक्ष्य दिया गया। दौड़ में पास हुए युवाओं को लंबीकूद, बीम, जिग जैक वॉक अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए भेजा गया।
एडीएम सुभाष चंद्र ने भर्ती स्थल का जायजा लिया। सुबह डीएम संजय कुमार सिंह व एसपी अशोक कुमार मीणा भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पहुंचे।
सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने पर नोकझोंक
शाहजहांपुर के कुछ युवा शनिवार की शाम को अपनी गाड़ियों से भर्ती में शामिल होने आए। फतेहगढ़ चौराहा से लेकर कचहरी गेट तक युवाओं ने गाड़ियां खड़ी कर दी। इससे जाम की स्थित हो गई। पुलिस कर्मियों ने हटाने के लिए कहा तो कुछ युवाओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। फतेहगढ़ कोतवाल जय प्रकाश पाल ने माइक से संबोधित कर गाड़ियों को सड़क के किनारे से हटवाया।