फर्रुखाबाद। जिले के तीन परीक्षा केंंद्रों पर चल रही फार्मेसी की परीक्षाओं में दोनों पालियों में 292 छात्र-छात्राएं गैरहाजिर रहीं। सुबह पर्यावरण विज्ञान और शाम को औषधीय विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।
फार्मेसी के छह स्कूलों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं की वार्षिक परीक्षा के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक भोलेपुर, राजकीय पॉलिटेक्निक कुरार और राजकीय इंटर कालेज फतेहगढ़ को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। मंगलवार सुबह की पाली में तीनों केंद्रों पर पर्यावरण विज्ञान का पेपर था। इसमें भोलेपुर पॉलिटेक्निक में 322 परीक्षार्थियों के स्थान पर 286 पहुंचे, जबकि 36 ने परीक्षा छोड़ दी। कुरार पॉलिटेक्निक में 236 के सापेक्ष 228 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। आठ ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह राजकीय इंटर कालेज में 214 में से 187 पहुंचे, जबकि 27 छात्रों ने परीक्षा नहीं दी। तीनों केंद्रों पर 71 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहेए। शाम की पाली में तीन से पांच बजे तक औषधीय विज्ञान का पेपर हुआ। भोले्पुर पॉलिटेक्निक में 635 के स्थान पर 548 परीक्षार्थी पहुंचे। 87 ने परीक्षा छोड़ दी। राजकीय इंटर कालेज में 395 के स्थान पर 292 परीक्षार्थी पहुंचे। यहां 103 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह कुरार पॉलिटेक्निक में 291 के स्थान पर 260 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 31 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। तीनों केंद्रों पर दोनों पालियों में 221 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हुईं। भोलेपुर पॉलिटेक्निक के प्राचार्य केंद्र व्यवस्थापक दयाचंद्र ने बताया कि परीक्षा की कड़ी निगरानी की जा रही है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए स्टाफ पूरी तरह मुस्तैद है।