फर्रुखाबाद। डी-फार्मा व बी-फार्मा, बीएएमएस कराने के नाम पर आगरा की संस्था के संचालक युवक ने 12 छात्रों से 28 लाख रुपये ठग लिए। छात्रों को फर्जी मार्कशीट दे दी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवदिया निवासी नीरज यादव ने जनपद आगरा फिरोजाबाद रोड हाईनपार गांव ढोलपुरा निवासी गौरव यादव के खिलाफ एसपी विकास कुमार के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में गौरव यादव से मुलाकात हुई। गौरव गुरु जी विद्यापीठ के नाम से संस्था चलाता है। उसने डी-फार्मा व बी-फार्मा, बीएएमएस कोर्स करवाने का भरोसा दिया। नीरज सहित 12 फतेहगढ़ के छात्रों से 28 लाख रुपये ले लिए। सभी ने रुपये नकद व ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। कुछ छात्रों को गौरव ने मंगलयातन विश्वविद्यालय अलीगढ़ व आई के गुजराल विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की मार्कशीट व पीसीआई स्लिप दी थी।
तीन वर्ष बीतने के बाद भी छात्रों के ग्रीन कार्ड व रजिस्ट्रेशन नहीं आए। इस पर छात्रों ने विश्वविद्यालय से मार्कशीट का सत्यापन करवाया। तो पता चला कि सभी मार्कशीट फर्जी है। गौरव ने रुपया वापस मांग तो उसने जान से मारने की धमकी देकर रुपये देने से मना कर दिया। गौरव फर्जी संस्थाएं चलाकर लोगों से ठगी करता है। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।