नवाबगंज। महिला की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति व ससुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी रामदीन ने अपनी पुत्री जूली की शादी 13 मई 2019 को गांव पत्योरा निवासी संजीव कुमार के साथ की थी। शादी के बाद जूली को एक पुत्री अंशिका हुई। ससुरालीजन दहेज में कूलर, फ्रिज व भैंस की मांग कर जूली को प्रताड़ित करते थे। जूली आठ माह तक मायके में रही। परिजनों ने ससुरालीजनों को दहेज का सामान कुछ दिनों में देने का भरोसा दिया था। एक माह पहले जूली ससुराल में आई थी।
शुक्रवार की रात ननद ने भाई रजनीश को सूचना दी कि भाभी जूली के करंट लग गया और उसकी हालत गंभीर है। रजनीश परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा वहां पता चला कि ससुरालीजन बहन को नर्सिंगहोम में लेकर गए हैं। नर्सिंगहोम पहुंचने पर पता चला कि बहन की मौत हो गई है। रजनीश की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
रजनीश ने बहन की दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया। रजनेश ने पुलिस को बताया कि ससुरालीजनों का कहना है कि कूलर से जूली को करंट लगा है, जबकि उसके घर में है ही नहीं। दहेज में भी कूलर की मांग कर रहे थे। पुलिस ने पति व ससुर को हिरासत में ले लिया। जूली के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।