फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद ने शहर में पॉलिथीन के खिलाफ छापे मारी की। दुकानों पर 25 किलो पॉलिथीन बरामद हुई। तीन लोगों से सात हजार रुपये वसूला गया। एक व्यापारी के यहां प्लास्टिक गिलास और प्लेट बरामद हुई, मगर उसने जुर्माना नहीं दिया। उसके खिलाफ आरसी जारी करने के आदेश दिए।
नगर पालिका के कर निर्धारण अधिकारी जगजीवन राम की अगवाई में कर अधीक्षक राजनारायण कमल ने पालिका कर्मियों के साथ दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले बूरावाली गली निवासी वीरेंद्र चौरसिया की बढ़पुर स्थित किराना की दुकान पर पहुंचे। वहां दो गत्ता प्लास्टिक गिलास और एक गत्ता पत्तल बरामद हुई। उन्होंने जुर्माना जमा करने के लिए कहा, व्यापारी ने जुर्माना न देने की बात कही।
इसके बाद आवास विकास में राठौर चाय लस्सी की दुकान पर बड़ी मात्रा में पॉलिथीन बरामद हुई। उससे पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसी दौरान साइकिल से दुकानों पर पॉलिथीन पहुंचाने वाले का सामान जब्त कर एक हजार रुपये जुर्माना वसूल लिया। कर अधीक्षक ने बताया कि अब औचक छापामारी चलती रहेगी। एक तरफ से अभियान चलाने पर लोग समझ जाते हैं। लिहाजा सफलता नहीं मिलती। उनके साथ लिपिक विजय शुक्ला, अमित सक्सेना थे।