फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास प्लस योजना के तहत किए गए सर्वे के बाद हुए सत्यापन में जनपद के 24000 गरीब आवास की पात्रता की श्रेणी में पाए गए। इससे इन्हें प्रधानमंत्री आवास मिलने की उम्मीद है। हालांकि अभी जिलास्तर से सत्यापन शेष है।
जनपद में कोई भी गरीब आवास से वंचित न रहे, इसके लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास प्लस योजना-2024 के तहत सर्वे कराया गया। जिले की 580 ग्राम पंचायतों में लगे 277 सर्वेयर ने 26123 ग्रामीणों का चयन कर सूची सौंपी। जबकि 12310 ग्रामीणों ने पात्रता का दावा करते हुए खुद ही ऑनलाइन आवेदन किया। कुल 38434 आवेदनों की जांच के लिए 104 चेकरों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिम्मेदार अधिकारियों ने सौंपी अपनी रिपोर्ट में 24000 लोगों को आवास का पात्र लाभार्थी बताते हुए सूची मुख्यालय पर दे दी है। इससे इन ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास मिलने की उम्मीद है। जबकि 14434 अपात्रता की श्रेणी में आने से आवेदन निरस्त कर दिए गए। अब शासन से 14 अक्तूबर तक आवास के लिए आवेदन करने का एक मौका दिया गया है। इससे कोई भी पात्र आवास पाने से वंचित न रह जाए। पोर्टल खुलने से आवास के लिए आवेदन किए जा रहे हैं।
परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार ने बताया कि 24000 आवेदक पात्रता की श्रेणी में हैं। अभी जिला स्तर से अंतिम सत्यापन होगा। 14 अक्तूबर तक आने वाले आवेदनों को शामिल करते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जाएगा। नवंबर तक सत्यापन पूरा होने के साथ पात्र लाभार्थियों की सूची शासन को भेज दी जाएगी।