आवास विकास स्थित कैंप कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। शहर व देहात क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पहल शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में अंडरग्राउंड बिजली लाइन डलवाने व बढ़पुर ब्लाक के गांवों में निर्बाध बिजली सप्लाई देने के लिए तीन नए सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव जल्द ही भेजा जाएगा। यह जानकारी सोमवार को सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।।
आवास विकास स्थित कैंप कार्यालय पर सदर विधायक ने कहा कि जून माह में उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में अंडरग्राउंड बिजली की केबल डलवाने की बात कही थी। इसी के तहत गुजरात की इरडा कंपनी के विशाल कुमार शहर के सभी फीडरों का सर्वे कर रहे हैं। इसके बाद डीपीआर बनेगी। इस प्रोजेक्ट में करीब 90 करोड़ का खर्च आएगा।
विधायक ने कहा कि बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र के गांवों में बिजली सप्लाई के लिए एकमात्र जसमई सबस्टेशन है। इससे शहरी फीडरों पर अतिरिक्त लोड पड़ता है। गांवों को भी निर्बाध बिजली नहीं मिल पाती है। इसलिए बढ़पुर ब्लाक के गुतासी, रामपुर जोगराजपुर और याकूतगंज में सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव बनाकर जल्द भेजेंगे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी और बिजली विभाग के एक्सईन अमर सिंह मौजूद रहे।