फर्रुखाबाद। जिला विकास अधिकारी ने गुरुवार सुबह विभाग भवन स्थित सभी विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान मत्स्य निरीक्षक सहित नौ विभागों के 21 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। उन्होंने विभागाध्यक्षों को कर्मचारियों का वेतन रोकते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया है।
विकास भवन स्थित कई विभागों में कर्मचारियों की लेट-लतीफी जारी है। जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने सुबह कार्यालय पहुंचने के बाद कार्यालय का निरीक्षण किया। लिपिक कविता गंगवार के अनुपस्थित होने पर उन्होंने वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण तलब किया है। लघु सिंचाई विभाग में लिपिक प्रीती यादव गैरहाजिर मिलीं।
समाज कल्याण विभाग का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां पेंशन लाभार्थियों सहित फरियादियों की लाइन लगी मिली। सभी कर्मचारियों के आने का इंतजार कर रहे थे। डीडीओ ने उपस्थिति रजिस्टर देखा तो दीपेंद्र कुमार सक्सेना, अवधेश कुमार गैरहाजिर थे। जबकि गीता पांडेय, शिशुपाल, वीरेंद्र, अनुराग सक्सेना दो दिन से अनुपस्थित पाए गए।
डीपीआरओ कार्यालय में स्वच्छ भारत मिशन के डीसी सुधीर कुमार, नितेंद्र पटेल के अलावा सतीश कुमार, अजय राजपूत, चंद्रशेखर, अजय कुमार दो-दो दिन से गैरहाजिर मिले। सीवीओ कार्यालय में लिपिक राजेश दुबे तीन दिन से गायब थे। लिपिक मोहित भी अनुपस्थित पाए गए। मनरेगा में ज्ञानप्रकाश, सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय में मत्स्य निरीक्षक दिवाकर सिंह, फिश मैन चंद्रप्रकाश, एआर कोऑपरेटिव कार्यालय में संदीप सक्सेना, कुमुद लता अनुपस्थित पाई गईं।
जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने बताया कि सभी कर्मचारियों का अनुपस्थित रहने वाले दिनों का वेतन रोकने के साथ तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया है।