फर्रुखाबाद। मुख्य चिकित्साधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को सरकारी अस्पतालों में छापा मारा। दोनों अधिकारियों को पचास डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ तथा कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कई अस्पताल 10 बजे तक बंद मिले। सीएमओ ने 12 डॉक्टर और कर्मचारियों का वेतन रोक दिया है। सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अन्य डाक्टर और कर्मचारियों का एक-एक दिन का वेतन काट दिया गया है।
अमर उजाला में 20 अप्रैल को जिले भर के सरकारी अस्पतालों की लाइव स्टोरी दी गई थी। इस खबर को मुख्य चिकित्साधिकारी ने संज्ञान में लेते हुए छापेमारी शुरू की। मंगलवार को इन अधिकारियों ने कमालगंज और शमसाबाद विकास खंड में छापामारी की थी। बुधवार को सीएमओ डॉ. राकेश कुमार सुबह 8.15 बजे मोहम्मदाबाद सीएचसी पहुंचे।
यहां राजेंद्र वर्मा बाथम वार्ड ब्वाय, कुसुम कुमारी हेल्थ विजिटर, सूर्यकांत मिश्र एलटी, राजेश सहाय सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले। सफाईकर्मी 22 अप्रैल से बिना बताए गायब चल रहा है। डॉ. अमित अग्रवाल प्रभारी चिकित्साधिकारी खुद बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। आरती सक्सेना सीएमओ के पहुंचने के बाद पहुंचीं। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और अन्य का एक-एक दिन का वेतन काट दिया गया।
इस अस्पताल में कार्यरत आयुष डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. श्वेता, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. राजीव कुमार अनुपस्थित मिले। स्टाफ नर्स जैसमीन, ललिता श्रीवास्तव, आराधना चौधरी, नितिन एलटी, राजीव कुमार टीबीएचवी अनुपस्थित मिले। सुबह 8.45 बजे सीएमओ खिमसेपुर सरकारी अस्पताल पहुंचे। यहां अस्पताल में ताला बंद मिला।
यहां के डॉ. आरके बौद्घ, संजीव फार्मासिस्ट और सफाईकर्मी आनंद अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने डॉक्टर और फार्मासिस्ट का वेतन रोक दिया। तीन माह से बिना अवकाश अनुपस्थित चल रहे सफाईकर्मी आनंद कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। धीरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी सीएमओ को ताला बंद मिला।
यहां फार्मासिस्ट जितेंद्र त्रिपाठी और अमित का वेतन रोक दिया गया। 9.10 बजे सीएमओ ने सिरौली अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां भी अस्पताल बंद मिला। दुकानदारों ने सीएमओ को बताया कि 10 बजे से 2 बजे तक अस्पताल खुलता है। इस अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी का वेतन रोक दिया गया।
9.40 बजे सीएमओ ताजपुर अस्पताल पहुंचे। यहां शैलेंद्र, विकास, रामपाल और सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिलीं। सीएमओ ने इन सबका एक-एक दिन का वेतन काट दिया। पिपरगांव पहुंचे सीएमओ को अस्पताल बंद मिला। यहां कार्यरत एएनएम अपर्णा 26 और 27 अप्रैल को अनुपस्थित रहीं। बुधवार को वह नगला उद्दम में टीकाकरण करती पाई गईं। वहीं दूसरी तरफ एसीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने राजेपुर, अमृतपुर, पिथनापुर अस्पतालों में छापा मारा। यहां संविदा कर्मचारी और डॉक्टर अनुपस्थित मिले।
सीएमओ ने कहा कि सभी अस्पतालों की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि अमर उजाला ने अस्पतालों की लाइव खबर छापकर सराहनीय कार्य किया। इससे अस्पतालों की जानकारी मिली। जिस पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा संविदा पर कार्यरत डॉक्टर, स्टाफ नर्स व अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता अनुपस्थित मिल रहे हैं।