फर्रुखाबाद। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सरकार ने दिवाली का तोहफा दिया है। योजना के तहत 1.62 लाख उपभोक्ताओं को मुफ्त में रसोई गैस दी जाएगी। हालांकि पहले उन्हें भुगतान करना होगा। बाद में उनके खाते में धनराशि आ जाएगी।
जिले की करीब 26 से ज्यादा गैस एजेंसियों पर उज्ज्वला योजना के तहत 1.62 लाख उपभोक्ता हैं। इस योजना के लाभार्थियों को 14.2 किलो के सिलिंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती है। हर बार की तरह सरकार ने इस वर्ष भी दिवाली पर योजना के लाभार्थियों को मुफ्त सिलिंडर देने की घोषणा की है।
इसके तहत लाभार्थी अक्तूबर से दिसंबर तक रसोई गैस ले सकते हैं। हालांकि उन्हें सिलिंडर के 876 रुपये पहले देने होंगे। इसके बाद लाभार्थी के खाते में ली गई धनराशि वापस कर दी जाएगी। इसी तरह होली पर भी मुफ्त सिलिंडर मिलेगा। जनवरी 2026 से मार्च तक लाभार्थी मुफ्त सिलिंडर ले सकता है।
जिलापूर्ति अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मुफ्त रसोई गैस पर आने वाले खर्च का वहन केंद्र व राज्य सरकार मिलकर करेंगी।