फर्रुखाबाद। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार से एक कॉल पर अस्पताल घर पहुंच कर इलाज करेगा। सोमवार को सीएम ने लखनऊ स्थित इंदिरा भवन से 58 मोबाइल अस्पतालों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया है। एक हफ्ते बाद जनपद में दूसरा मोबाइल अस्पताल भी आ जाएगा।
जनपद में बहुत से ऐसे क्षेत्र हैं जहां पर मेडिकल सुविधाएं ठीक नहीं हैं। ऐसे क्षेत्रों के लिए सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने 58 मोबाइल अस्पतालों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इसमें से एक अस्पताल फर्रुखाबाद जनपद को मिला है। यह मंगलवार को जिले में आ जाएगा। साथ ही मंगलवार को ही दवाएं आदि इकट्ठा कर बुधवार से जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में एक फोन पर पहुंच जाएगा। यह मोबाइल अस्पताल जनपद के बढ़पुर ब्लाक को छोड़ कर अन्य सभी ब्लाकों में पहुंच जाएगा।
ऐसा होगा मोबाइल अस्पताल
इस अस्पताल में एक एमबीबीएस डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, एक नर्स व एक एलटी मौजूद रहेंगे। यह अस्पताल मुख्यत: उन क्षेत्रों में काम करेगा जहां पर आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। सीएमओ ने तब सभी ब्लाकों के चिकित्साधीक्षक को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे 12-12 स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए थे।
10 को होनी थी लॉचिंग
मोबाइल अस्पताल की लॉचिंग 10 फरवरी को होनी थी। इसके लिए जनपद में तैयारियां की गईं थी। किसी कारणवश इसे टाल दिया गया। अब सोमवार को सीएम ने लखनऊ से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है।
मंगलवार को फर्रुखाबाद में मोबाइल अस्पताल पहुंच जाएगा। बुधवार से यह काम करना शुरू कर देगा। दूर दराज क्षेत्रों में इसके लिए जगह चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए थे। - आकाश जौहरी, प्रोजेक्ट मैनेजर