एटीएम कार्ड बदलकर उड़ाए 16 हजार रुपये
कायमगंज। एटीएम कार्ड बदलकर बीडीसी के भाई के खाते से किसी ने 16, 800 रुपये पार कर दिए। बैंक में चेक से रुपये निकालने पहुंचने पर बीडीसी को जानकारी हुई। उन्होंने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी है।
कंपिल क्षेत्र के गांव सिवारा खास निवासी अजय मिश्रा बीडीसी हैं। उनके भाई विजय मिश्रा लखनऊ में नौकरी करते हैं। उनका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। उनके पत्नी व बच्चे गांव में रहते हैं। विजय ने अपना एटीएम कार्ड अजय को दे रखा है। जरूरत पड़ने पर अजय एटीएम कार्ड से रुपये निकालकर भाई की पत्नी को दे देते हैं।
26 सितंबर को अजय बैंक आफ इंडिया के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने गए थे। अजय ने मशीन में एटीएम कार्ड लगाया तो कुछ दिक्कत आई। इस पर वहां खड़े एक शातिर ने मदद के बहाने से अपने कार्ड से उनका कार्ड बदल लिया। काफी प्रयास के बाद भी एटीएम से रुपये नहीं निकले तो अजय ने भाई को जानकारी दी। उन्होंने घर में रखे हस्ताक्षर किए चेक से रुपये निकालने को कहा।
इस पर वे चेक से रुपये निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि खाते में धन नहीं है। जानकारी करने पर पता चला कि उनके एटीएम से किसी ने 16,800 रुपये निकाले हैं। बैंक कर्मी उन्हें बताया जो कार्ड उनके पास है, वह किसी बदन सिंह ठाकुर के नाम है। अजय ने कोतवाली में सूचना दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।