फोटो-10 मरम्मत के लिए प्रस्तावित किया गया क्षतिग्रस्त लखरौआ संपर्क मार्ग। संवाद
फर्रुखाबाद। बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण इलाकों की सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का काम जल्द शुरू होगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद जिले के 16 संपर्क मार्गों की मरम्मत 88.40 लाख रुपये की लागत से कराई जाएगी। इससे किसानों को फसल बाजार तक ले जाने में आसानी होगी और रोजाना आने-जाने वाले करीब दो लाख लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मोहम्मदाबाद-संकिसा से दुल्लामई कोटेदार के घर तक संपर्क मार्ग पर 5.80 लाख रुपये से मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा। सराय अगहत मार्ग से देवसनी वाया दहिलिया संपर्क मार्ग की मरम्मत 4.50 लाख रुपये से होगी। मोहम्मदाबाद संकिसा मार्ग से पंचम नगरिया संपर्क मार्ग पर 7 लाख रुपये से मरम्मत कार्य और नवीनीकरण होगा।
नगला खादर संपर्क मार्ग पर 6.50 लाख रुपये से, मोहम्मदाबाद-संकिसा मार्ग से मुरान संपर्क मार्ग पर 7.40 लाख रुपये से, मोहम्मदाबाद संकिसा मार्ग से बाबा नीबकरोरी हनुमान मंदिर मार्ग पर 4.50 लाख रुपये से, बहोरनपुर टप्पा हवेली मार्ग से पहाड़िया वाया टिकार संपर्क मार्ग पर 4.50 लाख रुपये से सुधारा जाएगा। सिठौली नगला चंपत मार्ग से नगला भवरसा संपर्क मार्ग पर 8 लाख रुपये से मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य करवाया जाएगा।
सीढ़ेचकरपुर मार्ग से कटरी सथरा संपर्क मार्ग पर 6.70 लाख रुपये से, भावलापुर संपर्क मार्ग पर 3 लाख रुपये से, लखरौआ संपर्क मार्ग पर 2.70 लाख रुपये से, चौखरिया संपर्क मार्ग पर 3.50 लाख रुपये से मरम्मत और नवीनीकरण होगा। रजीपुर-उधरनपुर मार्ग से सरैया संपर्क मार्ग पर 6.40 लाख रुपये से, राजस्व गांव हैदरपुर के मजरा वसावट नगला चौहान संपर्क मार्ग 6.70 लाख रुपये से, गांव मदनपुर के मजरा सिकोली संपर्क मार्ग पर 6.70 लाख रुपये से तथा कमालगंज-जहानगंज मार्ग से मोहनपुर संपर्क मार्ग पर मरम्मत के साथ 4.50 लाख रुपये से नवीनीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इन मार्गों के सुधरने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने बताया कि शासन की स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। सभी कार्य दो माह के भीतर पूरे कराने के निर्देश दिए गए हैं।