इंटर कालेजों के प्रधानाचार्यों को 30 जून तक विद्यालय परिसर में गड्ढे खुदवाने होंगे। इनमें 1 से 15 जुलाई के मध्य पौधरोपण कर फोटो डीआईओएस कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी। ये आदेश जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा ने सभी इंटर कालेजों के प्रधानाचार्यों को दिया है।
प्रत्येक ब्लाक के सरकारी, अनुदानित और वित्तविहीन इंटर कॉलेजों में एक से 15 जुलाई तक पौधरोपण किया जाना है। इसके लिए 30 जून तक कॉलेज परिसर में गड्ढे खुदवाने होंगे। किस विद्यालय में कितने पौधे लगाने है इसका लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है।
कम से कम एक विद्यालय में 40 से 60 पौधे लगाने का लक्ष्य है। बढ़पुर ब्लाक के 43 विद्यालयों में 1755, कमालगंज ब्लाक के 52 इंटर कॉलेजों में 2680, मोहम्मदाबाद ब्लाक के 64 कालेजों में 3150, कायमगंज ब्लाक के 31 कालेजों में 1650, शमसाबाद ब्लाक के 27 कॉलेजों में 1274, नवाबगंज ब्लाक के 33 कॉलेजों में 1530 और राजेपुर ब्लाक के 21 कॉलेजों में 1050 पौधे लगाने है।
ये पौधे प्रत्येक ब्लाक के कॉलेजों को अपने क्षेत्र की सरकारी नर्सरी से खरीदने होंगे। बढ़पुर ब्लाक में धर्मपुर कटरी, हथियापुर, मोहम्मदाबाद ब्लाक में नगला बाग, कमालगंज ब्लाक में सिंधौली, राजेपुर ब्लाक में गौटिया, नवाबगंज ब्लाक में सैंधरा, कायमगंज ब्लाक में रोशनाबाद, शमसाबाद ब्लाक में दक्षिण गुटैटी नर्सरी संचालित हैं। पौधरोपण के बाद इनकी फोटो खींच कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रधानाचार्य को उपलब्ध करानी होगी।
30 तक खुदवाएं गड्ढे, पहली जुलाई से पौधरोपण करें
डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को दिया आदेश
प्रत्येक ब्लाक में स्थित नर्सरी से लेने होंगे पौधे