फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ में चल रही सेना भर्ती से परिवहन निगम की आमदनी लगभग दस से बारह प्रतिशत बढ़ गई है। सेना भर्ती में विभिन्न जिलों से अधिकतर युवा रोडवेज बसों से ही आ रहे हैं। परिवहन निगम ने भी अन्य रूटों से बसें काटकर सेना भर्ती वाले जिलों के रूटों पर बढ़ाई हैं।
फतेहगढ़ के करियप्पा मैदान में दस से बीस दिसंबर तक सेना भर्ती चल रही है। सेना भर्ती में सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर, बलरामपुर, हरदोई, श्रावस्ती और सीतापुर आदि जिलों से युवा आ रहे हैं। पहले दिन बलरामपुर, श्रावस्ती और सीतापुर जिलों की भर्ती हुई थी। सेना भर्ती में आने वाले अधिकतर युवा रोडवेज बसों से ही आ रहे हैं। बुधवार को हरदोई जिले की भर्ती थी। इसको लेकर हरदोई रूट पर अतिरिक्त बसें चलवाई गईं। सेना भर्ती को लेकर हरदोई आने-जाने वाली रोडवेज बसों में काफी भीड़ रही।
एआरएम वीके गंगवार ने बताया कि सेना भर्ती को लेकर परिवहन निगम की आय में प्रतिदिन करीब दस से बारह प्रतिशत की अतिरिक्त आमदनी हो रही है। आम दिनों में प्रतिदिन 65 से 68 हजार रुपये की आमदनी हो रही थी। सेना भर्ती के बाद से 80 से 81 हजार की आमदनी हो रही है। मंगलवार को 81 और बुधवार को करीब 79 हजार रुपये की आमदनी हुई। आगरा रूटों पर चल रही बसों को काटकर जिस जिले की भर्ती होती है, उसी जिले के रूट पर बसें बढ़ा दी जाती हैं।