कायमगंज। चीनी मिल में पेराई के दौरान बुधवार रात रोलर का क्राउन पिनियन टूट गया। इससे 11 घंटे पेराई का काम बंद रहा। मिल में अब तक 75 हजार क्विंटल गन्ना की पेराई हो चुकी है और चार हजार क्विंटल चीनी बन चुकी है।
23 नवंबर से शुरू हुए मिल में पेराई कार्य में अब तक मिल में लगभग पांच बार तकनीकी खराबी हो चुकी है। जिसकी वजह से घंटों पेराई बंद रही है। पुरानी मशीनों को चलाना मिल प्रशासन को इस वर्ष भारी पड़ रहा है। तकनीकी खराबी से पेराई कार्य धीरे-धीरे चल रहा है। बुधवार रात करीब तीन बजे चार नंबर केे डिस्चार्ज रोलर का क्राउन पिनियन टूट गया। इससे पेराई बंद हो गई। मामले की जानकारी पर मिल प्रशासन मौके पर पहुंचा। रोलर बदलने का कार्य शुरू हुआ।
गुरुवार को करीब दो बजे पेराई शुरू हुई। मिल प्रशासन ने बताया रोलर पिनियन टूट गया था जिससे पेराई बंद हुई थी। रोलर बदल दिया गया गया है। पेराई सुचारू रूप से चालू है। अब तक 75 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है। पेराई से अब तक 8.50 फीसदी रिकवरी निकली है।