फर्रुखाबाद। जिले की जूनियर मुक्केबाजी टीम का चयन शुक्रवार को स्टेडियम में ट्रायल के आधार पर किया गया। चयनित खिलाड़ी शनिवार को मेरठ रवाना होंगे। वहां ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन यूपी की टीम में होगा।
12 दिसंबर से चंडीगढ़ में राष्ट्रीय जूनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप होगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश की टीम का चयन मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में रविवार को होगा। इस ट्रायल में यूपी के सभी जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। शुक्रवार को फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में ट्रायल लिए गए।
इसी के आधार पर सात सदस्यीय टीम का चयन किया गया। 46-48 किलोग्राम भार वर्ग में अर्पित कुमार, 48-50 किलोग्राम भार वर्ग में नागेंद्र सिंह, 50-54 किलोग्राम भार वर्ग में रिंकू बाथम, 54- 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत शाक्य, 57-60 किलोग्राम भार वर्ग में धीरज शाक्य, 60 से 63 किलोग्राम भार वर्ग में कुलदीप सिंह और 64-67 किलोग्राम भार वर्ग में धर्मवीर का चयन किया गया है।
इस दौरान बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव संजीव कटियार, कोच अल्पना शर्मा, विवेक सोनकर, अनवर और अजय प्रताप आदि लोग मौजूद रहे।
मुक्केबाजी के लिए चुने गए खिलाड़ी
मेरठ में राज्य स्तरीय ट्रायल में भाग लेंगे जिले के खिलाड़ी