फर्रुखाबाद। 18 नवंबर को दो पाली में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा की निगरानी करने के लिए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पांच सचलदलों की तैनाती कर दी है। उन्होंने प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया है। जो परीक्षा के दि केंद्र पर मौजूद रहेंगे और अपनी देखरेख में परीक्षा कराएंगे। 23 परीक्षा केंद्रों को चार जोन में बांटा गया है।
18 नवंबर को जिले में 23 केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। इसको शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने डायट प्राचार्य विजय पाल, बीएसए रामसिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी राजीव कुमार मिश्र, रामदर्शनी राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य महेश चंद्र राजपूत और राजकीय इंटर कालेज फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य महेश चंद्र पाल को सचलदल प्रभारी बनाया है। इनके साथ तीन-तीन लोगों को सहयोग में लगाया गया है।
शिक्षक पात्रता परीक्षा दो पाली में होगी। प्रथम पाली में 10 से साढ़े बारह बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 से पांच बजे तक होगी। 23 परीक्षा केंद्र को जिलाधिकारी ने चार जोन में बांटा है। प्रथम जोन में छह परीक्षा केंद्र हैं, जिसके जोन प्रभारी एसडीएम सदर अमित आसेरी को बनाया गया है। दूसरे जोन में पांच परीक्षा केंद्रों को रखा गया है। एसडीएम अमृतपुर ईशान प्रताप सिंह को दूसरे जोन का प्रभारी बनाया गया है। तीसरे जोन में छह परीक्षा केंद्र शामिल हैं, जिसके प्रभारी एसडीएम कायमगंज अनिल कुमार को बनाया गया है। जोन चार में भी छह परीक्षा केंद्र हैं। इस जोन के प्रभारी अपर एसडीएम रमेश चंद्र यादव को बनाया गया है। जिलाधिकारी ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया है। इसके अलावा तीन रिजर्व में स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।