फर्रुखाबाद। शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी प्रशासन ने शुरू कर दी है। जिन स्कूलों में फर्नीचर की कमी है, वहां पर दूसरे स्कूल से फर्नीचर भेजा जाएगा। इस संबंध में सभी केंद्र प्रभारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। अभी तक एक कालेज ने फर्नीचर कम होने की रिपोर्ट दी है। उसको फर्नीचर मुहैया कराने के दूसरे कालेज के प्रधानाचार्य को आदेश दिया है।
18 नवंबर को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के लिए जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी में छात्र संख्या आवंटित कर दी गई है। परीक्षा को शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रत्येक केंद्र पर एक विभागीय और एक प्रशासनिक पर्यवेक्षक की तैनाती किए जाने की कवायद शुरू की है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू ने बताया कि जिन परीक्षा केंद्रों पर छात्र आवंटन से कम फर्नीचर है, उसकी सूची मांगी गई है। सूची मिलने पर दूसरे कालेजों से फर्नीचर की व्यवस्था कराई जाएगी। रामानंद इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ने फर्नीचर कम होने की रिपोर्ट दी थी। वहां मोहन लाल शुक्ला इंटर कालेज के प्रधानाचार्य को फर्नीचर मुहैया कराने का आदेश दिया है। पर्यवेक्षक और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की जल्द तैनाती जिलाधिकारी मोनिका रानी के माध्यम से कराई जाएगी।