फर्रुखाबाद। बौद्ध तीर्थस्थली संकिसा में आयोजित बुद्ध महोत्सव में शामिल होने मंगलवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य आएंगे। डीएम मोनिका रानी व एसपी संतोष मिश्रा ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल, मंदिर और हेलीपैड का निरीक्षण किया। जानकारी मिली है कि उपमुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से चार बजे पहुंचेंगे। वह करीब 40 मिनट कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस चले जाएंगे। वहीं, मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य साढ़े चार बजे कार से संकिसा पहुंचेंगे। वह रात को आठ बजे कार से ही वापस जाएंगे।
निरीक्षण के बाद डीएम ने लोक निर्माण विभाग के जेई को टेंट व साउंड की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। हेलीपैड स्थल की जेसीबी से साफ -सफाई कराने व पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड व कार्यक्रम स्थल की पूरी तरह से बेरीकेडिंग कराई जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त मात्रा में पानी के टैंक व मोबाइल टायलेट की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम के दौरान मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी को साफ-सफाई कराने व चूना डलवाने को कहा। ासथ ही कहा कि आयोजक स्वागत समारोह में प्रतिभाग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों की एक सूची बनाकर अपर पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराएं। जनप्रतिनिधि एवं पब्लिक आगमन के लिए अलग-अलग गेट बनाने के निर्देश दिए। साथ ही हिदायत दी कि कार्यक्रम के दिन विद्युत आपूर्ति ठीक रखी जाए।