फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट में बाइक स्टैंड का ठेका दिया गया है। आप स्टैंड पर बाइक खड़ी करें अथवा नहीं आपको रुपये चुकाने होते हैं। यह पूरी तरह से अवैध है। मैनपुरी निवासी अजय सिंह को आरटीआई के माध्यम से मांगी गई जानकारी में यह बताया गया है।
कलक्ट्रेट परिसर में एक बाइक स्टैंड बना है। इसके लिए प्रतिवर्ष ठेका होता है। लेकिन वसूली करने वाले लोग कलक्ट्रेट में कहीं भी बाइक खड़ी करने के रुपये ले लेते हैं। इससे परेशान मैनपुरी के जासमई निवासी अजय सिंह ने आरटीआई के जरिए जुलाई 2015 में जानकारी मांगी थी। इसका जवाब उन्हें अगस्त 2016 में मिला। इसमें बताया गया था कि सिर्फ स्टैंड पर बाइक खड़ी करने के ही रुपये लिए जाएंगे अन्य जगह बाइक खड़ी करने पर नहीं। इसके बाद जून 2018 में वह फिर से जब कलक्ट्रेट आए तो उनकी बाइक को गेट पर रोक कर रुपये मांगे गए। इस पर उनका विवाद हो गया।
अजय ने यूपी-100 को फोन कर बुलाया व मामले की जानकारी दी। साथ ही आरटीआई का जवाब भी दिखाया। इसके बाद उन्हें बिना रुपये लिए जाने दिया गया। 25 जून को उन्होंने इस मामले की शिकायत आईजीआरएस पर की। इसके जवाब में उन्हें बताया गया कि लगाए गए आरोप गलत हैं। इसके बाद दो अगस्त को उन्होंने दोबारा आईजीआरएस पर शिकायत कि बाइक स्टैंड पर ली जाने वाली पर्ची में लिखा है कि कलक्ट्रेट परिसर में आने जाने का भी चार्ज लिया जाएगा। इसके जवाब में उन्हें बताया गया कि सर्कुलर जारी है किसी तरह की अवैध वसूली नहीं की जाएगी। स्टैंड व बाइक खड़ी करने के संबंध में कोई जिक्र ही नहीं किया गया।