फर्रुखाबाद। छात्रवृत्ति में खेल न हो, इसके लिए आवेदन ऑनलाइन हो रहे हैं। छात्रवृत्ति भी सीधे छात्र-छात्राओं के खाते में जाती है। इसके बाद भी खेल हो रहा है। आवेदन वेरीफाई होने पर कई मामले पकड़ में आए हैं। एक रोल नंबर से दो-दो छात्राओं ने आवेदन किया है। एक छात्रा फर्रुखाबाद जनपद की है तो दूसरी जालौन की। रोल नंबर के अलावा बाकी डिटेल दोनों की भिन्न है।
भोलेपुर के राजन नगला निवासी छात्रा कोमल पुत्री इंद्रजीत राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहगढ़ में कक्षा 11 की छात्रा है। उसने हाईस्कूल राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहगढ़ से वर्ष 2018 में किया था। हाईस्कूल का रोल नंबर 1493017 है। उसने दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया है। छात्रवृत्ति रजिस्ट्रेशन संख्या 290052201800299 है। बैंक आफ बड़ौदा फतेहगढ़ शाखा में खाता है। जब उसके आवेदन को छात्रवृत्ति साइट पर राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहगढ़ से वेरीफाई किया गया तो साइट पर लिख कर आ गया कि इस रोल नंबर से आवेदन हो चुका है। इससे उसका आवेदन साइट पर सबमिट नहीं हो रहा है। जब उस सबमिट हुए फार्म को खोलकर देखा गया तो पता चला कि वह जालौन उरई न्यू पाठकपुरा निवासी आकांक्षा पुत्री सुनील का आवेदन है। इसमें हाईस्कूल का रोल नंबर 1493017, पास होने का वर्ष 2017, बीएस इंटर कालेज नुनसई जालौन भरा है। कक्षा 12 में सनातन धर्म इंटर कालेज उरई में पढ़ने का उल्लेख है।
इसी तरह फतेहगढ़ के गांव नगला बंधौआ निवासी स्वाती सिंह पुत्री जगदीश चंद्र ने हाईस्कूल वर्ष 2018 में भदंत विजय सोम इंटर कालेज संकिसा से किया है। हाईस्कूल का रोल नंबर 1491422 आवेदन में भरा है। यही रोल नंबर जालौन के कदौरा मृज्ञान की दीपा देवी पुत्री रामचरण के आवेदन में भी भरा गया है। अन्य डिटेल आवेदन में भिन्न हैं। इसी समस्या के चलते फतेहगढ़ के मोहल्ला मछली टोला निवासी पायल पुत्री मनीष कुमार का आवेदन भी वेरीफाई नहीं हो पा रहा है। पायल ने राजकीय बालिका इंटर कालेज से हाईस्कूल 2018 में किया। रोल नंबर 1493086 है। छात्रवृत्ति की साइट इस रोल नंबर से आवेदन सबमिट बता रही है। 1493086 रोल नंबर से जो आवेदन में साइट पर सबमिट है उसमें छात्रा का नाम संध्या देवी पुत्री राजू निवासी धगवन कलान उरई जालौन लिखा है। हाईस्कूल वर्ष 2017, रोल नंबर 1493086 ही भरा है। वर्तमान में कक्षा 12 में महारानी बाई एट ब्लाक डकोर में पढ़ने का उल्लेख आवेदन में है। इस तरह की दिक्कतें जनपद के अन्य कालेजों में आवेदन वेरीफाई करते समय आ रही हैं। अधिकतर मामलों में जालौन के ही छात्रवृत्ति फार्म सामने आ रहे हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी को पत्र लिखेंगी
प्रभारी डीआईओएस व राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य मीना यादव ने बताया कि इस तरह के कुछ मामले सामने आए हैं। एक रोल नंबर दो छात्राओं को कैसे आवंटित हो सकते हैं। जालौन के फार्म पहले सबमिट हो गए हैं। इसके चलते उनके कालेज के उस रोल नंबर वाली छात्राओं के फार्म सबमिट नहीं हो पा रहे हैं। इस मामले की जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी को पत्र भेजकर सोमवार को दी जाएगी।