अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। गंगा व रामगंगा में आई बाढ़ से अमृतपुर तहसील क्षेत्र में पोल टूटने से तार गायब हो गए। इनको अभी तक नहीं लगाया गया है। इससे करीब 19 गांवों की बिजली गुल चल रही है। पोल और तार लगाने के लिए दैवीय आपदा के तहत एस्टीमेट तैयार कर डीएम के पास धनराशि दिए जाने को भेजा गया है।
गंगा और रामगंगा में आई बाढ़ से अमृतपुर क्षेत्र के कई गांव प्रभावित हुए थे। गांव चपरा, मुढेरा, भावन, बजीरपुर, हीरानगलर, नगला माखन, हरपालपुर, असलानपुर, रूपपुर चित्तार, मुंशी नगला, भवानपुर, भुड़िया तेरा, सुंदरपुर, नगला दुर्गू, कछुआ गाढ़ा, गढ़िया, नगला केवल, झादे व वनका गांव की बिजली ठप है। इन गांवों में करीब 75 बिजली के पोल टूट गए।
11 केवी लाइन के 156 पिन इंसुलेटर, 11 केवी वी टाइप क्रास आर्मस 55 खराब हो गए। 2250 मीटर बिजली का तार टूटने से गायब हो गया। इससे गांवों की बिजली बंद हो गई। नए पोल और तार न लगने से इन गांवों की बिजली गुल है। विभागीय अधिकारियों ने बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर एसडीएम अमृतपुर से सत्यापन कराकर रिपोर्ट तैयार की है। गांवों की बिजली बहाल करने को दैवीय आपदा से धनराशि दिए जाने को विभाग ने एस्टीमेट तैयार कर सीडीओ के माध्यम से डीएम को भेजा है।
जिन गांवों में थोड़ा बहुत नुकसान हुआ था। वहां की बिजली सप्लाई तार की व्यवस्था कर शुरू कर दी गई है। जिन गांव में तार अधिक बाढ़ में पोल टूटने से बह गया। वहां की बिजली सप्लाई अभी बाधित है। उसको जल्द बहाल की जाएगी। इस्टीमेट बनाकर पास होने के लिए भेज दिया गया है। - अजय यादव, अवर अभियंता
-दैवीय आपदा के तहत एस्टीमेट तैयार कर डीएम को भेजी गई रिपोर्ट