अमर उजाला ब्यूरो
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। ब्लाक क्षेत्र के गांव अलेपुर में बुखार फैला हुआ है। बुधवार रात बुखार से अधेड़ की मौत हो गई। इस गांव में तीन दिन में चार मौतें हो चुकी हैं। कई लोग अभी भी बुखार से पीड़ित हैं।
गांव अलेपुर निवासी जसवंत (43) के गले में गांठ पड़ गई थी। इसका दिल्ली में एक नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा था। करीब चार दिन पूर्व जसवंत को बुखार आ गया। परिवार के लोगों ने कसबा में एक डाक्टर से दवा दिलाई। बुधवार रात जसवंत की मौत हो गई। तीन दिन में चार लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। पत्नी सुशीला देवी ने बताया कि चार बच्चे हैं। गांव में पप्पू की पुत्री गंगावती (10), श्यामबाबू का पुत्र रितेश(5), रामनिवास की पुत्री दिव्या (5), प्रज्ञा (7) को बुखार आ रहा है। हरेंद्र की पत्नी रीना(25), लतीफ के पुत्र जुनेंद्र (12), नरवीर की पुत्री लाली(16), महेश की पुत्री दीप्ति(3) बुखार और खुजली की बीमारी से पीड़ित हैं। गांव के लोगों ने इसकी जानकारी सीएचसी प्रभारी को दी। सीएचसी प्रभारी डा. धन सिंह शाक्य ने बताया कि उन्हें बीमारी की जानकारी नहीं थी। अब उन्हें जानकारी हुई है वह शुक्रवार को टीम गांव भेजेंगे।
गंदगी से लोग परेशान
गांव अलेपुर में लंबे समय से सफाई कर्मी नहीं आ रहा है। इससे गांव की नालियां बजबजा रही हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे लोग परेशान हैं। कई बार सफाई कराने की मांग ग्राम पंचायत सचिव से की, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी की वजह से ही गांव में बीमारी फैल रही है। गांव के लोगों ने सफाई कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि गांव अब टाउन एरिया में शामिल हो गया है। इसके चलते सफाई की जिम्मेदारी टाउन एरिया की है। नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्णा देवी ने बताया कि सफाई के लिए वहां कर्मचारी जाते हैं। इसके बाद भी यदि गंदगी है तो अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर सफाई कराई जाएगी।