अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम के हाथ से राज्य स्तरीय वॉलीबाल चैंपियनशिप की मेजबानी निकल गई। उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह ने पत्र जारी कर यह सूचना जिला क्रीड़ा अधिकारी को दी है। स्टेडियम पहली बार राज्यस्तरीय सब जूनियर वॉलीबाल की मेजबानी करने जा रहा था।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में 28 सितंबर से एक अक्तूबर तक राज्यस्तरीय वॉलीबाल चैंपियनशिप का आयोजन होना था। इसके लिए स्टेडियम में तैयारियां चल रहीं थी। जीजीआईसी के नवनिर्मित हॉस्टल में प्रदेश भर से आने वाले खिलाड़ियों को रोकने की व्यवस्था भी कर ली गई थी। लेकिन वॉलीबाल संघ में विवाद के कारण अग्रिम आदेश तक इसे टाल दिया गया है।
स्टेडियम में वर्ष 2008 में भी राज्यस्तरीय वॉलीबाल चैंपियनशिप हुई थी। यह सीनियर वर्ग का टूर्नामेंट था। सब जूनियर की मेजबानी करने का मौका स्टेडियम को 30 साल में पहली बार मिला था।
अन्य जगह की भी चैंपियनशिप टली
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार फर्रु खाबाद जनपद को वॉलीबाल की बालक वर्ग की सब जूनियर प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए चुना गया था। इसके अलावा कानपुर में जूनियर वॉलीबाल, अंबेडकर नगर को बालिका वर्ग की वॉलीबाल और सिद्धार्थनगर को सब जूनियर की चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए चुना गया था। फिलहाल सभी को टाल दिया गया है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह पटेल ने बताया कि खेल निदेशक ने पत्र जारी कर वॉलीबाल चैंपियनशिप टलने की जानकारी दी है। अग्रिम आदेशों तक इसेे रोक दिया गया है।