अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। डा. रामनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर का प्राइवेट प्रैक्टिस करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। इसकी जानकारी होने पर डीएम ने मामले की जांच के आदेश सीएमओ को दिए हैं।
लोहिया अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसपी सिंह का फतेहगढ़ स्थित एक नर्सिंग होम में प्राइवेट प्रैक्टिस करने का वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में वह नर्सिंगहोम में बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने की जानकारी होने पर डीएम मोनिका रानी ने सीएमओ डॉ. अरुण कुमार को जांच के निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि इसकी जांच की जा रही है। डीएम ने कहा कि यदि उनकी जांच रिपोर्ट से वह संतुष्ट नहीं हुईं तो वह अपनी ओर से जांच कराएंगी।
उधर, डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि उन्होंने लोहिया अस्पताल के ठेकेदार पर शिकंजा कसा था। इसके तहत उनको फंसाया जा रहा है। उस वीडियो में मरीज को वह न तो दवा लिख रहे हैं और न ही उससे पैसा ले रहे हैं। डॉक्टर का यह कर्तव्य है कि वह कहीं भी मरीज को देखकर उसे सलाह दे सकता है।