अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहगढ़ में शनिवार को 463 शिक्षकों की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की गई। पहले दिन 285 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग में भाग लिया। शासन से एक दिन घटने के चलते रविवार को काउंसलिंग का अंतिम दिन होगा।
जिले में 463 शिक्षकों की भर्ती होनी थी, लेकिन शासन ने 399 शिक्षकों की भर्ती किए जाने का आदेश जिला मुख्यालय भिजवाया। इसमें 167 महिला और 232 पुरुष शिक्षकों की भर्ती होनी है। 1 से 3 सितंबर तक काउंसलिंग होनी थी। काउंसलिंग के पहले दिन शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज में अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। सुबह 10 से शाम 7 बजे तक काउंसलिंग की प्रक्रिया चली।
पहले दिन 285 अभ्यर्थियों ने इसमें भाग लिया। बीएसए राजकुमार पंडित ने बताया कि तीन दिन काउंसलिंग होनी थी लेकिन शासन ने आदेश भेजा है कि दो सितंबर को काउंसलिंग की अंतिम तिथि है। उन्होंने बचे हुए अभ्यर्थियों से कहा कि 2 सितंबर को बचे हुए लोग काउंसलिंग में अवश्य भाग ले लें। क्योंकि इसके बाद छूटे हुए लोग काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे। बताया कि पांच सितंबर को काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे।