अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव बार काउंसिल से जारी मॉडल बायलॉज से नहीं कराया जाएगा। अभी तक जिस प्रकार चुनाव होते आ रहे हैं, उसी के अनुरूप चुनाव होगा। शनिवार को चुनाव समिति ने यह स्थिति स्पष्ट कर दी। वकीलों की मांग पर पदों पर चुनाव लड़ने की अहर्ता और नामांकन शुल्क में संशोधन किया गया है। महिला उपाध्यक्ष का पद बढ़ा दिया गया है। इस पर महिला ही चुनाव लड़ सकेगी।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर शुक्रवार को सभागार में आम सभा की बैठक हुई थी। इसमें कुछ वकीलों ने बार काउंसिल से जारी मॉडल बायलॉज से चुनाव कराने और कुछ ने परंपरा अनुसार चुनाव कराने की मांग उठाई थी। चुनाव अधिकारी डा. अनुपम दुबे, शिव प्रताप सिंह व दीपक द्विवेदी ने शनिवार को स्थिति स्पष्ट कर दी है। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि मॉडल बायलॉज विवादास्पद है। इससे कोई स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है। बार एसोसिएशन का गठन 1909 में हुआ था। तब से लेकर अभी तक जिस परंपरा से चुनाव हुआ है, उसी के अनुसार चुनाव कराया जाएगा। निर्वाचन अधिकारी ने वकीलों की मांग पर प्रत्याशियों की अहर्ता और नामांकन धनराशि में संशोधन कर दिया है। विधि व्यवसाय का अनुभव और नामांकन शुल्क कम कर दिया गया है। अभी तक बार एसोसिएशन में 12 पद होते थे। इसमें उपाध्यक्ष का एक पद था। अब उपाध्यक्ष के दो पद होंगे। इसमें एक उपाध्यक्ष पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इससे बार एसोसिएशन में 12 के स्थान पर 13 पद हो गए हैं। इसमें पांच पद सदस्य कार्यकारिणी के हैं। वरिष्ठ वकीलों की चुनाव निगरानी समिति और चुनाव कार्यसमिति का शीघ्र गठन किया जाएगा। चुनाव जारी किए गए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा कराया जाएगा।
इंसेट
पद अहर्ता नामांकन शुल्क
अध्यक्ष 25 साल का अनुभव 25000 रुपये
उपाध्यक्ष 17 साल का अनुभव 20000 रुपये
उपाध्यक्ष महिला 10 साल का अनुभव 15000 रुपये
महासचिव 15 साल का अनुभव 17 000 रुपये
संयुक्त सचिव 7 साल का अनुभव 8000 रुपये
कोषाध्यक्ष 5 साल का अनुभव 4000 रुपये
लेखा परीक्षक 5 साल का अनुभव 4000 रुपये
पुस्तकालय अध्यक्ष 5 साल का अनुभव 4000 रुपये
5 सदस्य कार्यकारिणी तीन साल का अनुभव 2000 रुपये प्रति सदस्य