अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। विधान परिषद की संसदीय एवं सद्भाव समिति की बैठक कलक्ट्रेट के बंद कमरे में एक घंटे में निपट गई। इसमें समिति के सदस्यों ने कब्जे आदि हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही समिति ने सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकरण में एफआईआर दर्ज नहीं होने के बारे में पूछा। इस पर एसपी ने बताया कि इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई होगी। समिति के अध्यक्ष ने जिलाधिकारी व एसपी से एक सप्ताह के अंदर मामले की रिपोर्ट मांगी है।
इससे पहले जिलाधिकारी मोनिका रानी ने समिति के अध्यक्ष एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पंपी का स्वागत किया। बैठक में अध्यक्ष ने कांति देवी पत्नी भानु प्रकाश दुबे निवासी कूम्हौर के मजरा नगला पंचम की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश उप जिलाधिकारी अमृतपुर को दिए। आबकारी अधिकारी ने बताया कि माह में प्राप्त लक्ष्य 16 करोड़ 83 लाख के सापेक्ष 15 करोड़ 50 लाख राजस्व प्राप्त किया गया है। जनपद कानपुर मंडल में तीसरे स्थान पर है। समिति के सदस्यों ने अवैध शराब फैक्ट्रियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वाणिज्य कर अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 6000 पंजीकृत व्यापारी हैं। शासन से मासिक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विभिन्न संप्रदायों तथा जातियों के बीच सद्भाव व समन्वय बनाए रखने के लिए मुख्यालय, तहसील व ब्लाक स्तर पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी समय-समय पर बैठकें करते हैं। इनमें मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण किया जाता है।
उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारी व अधिकारी काम में रुचि नहीं लेते हैं या अपराधों में संलिप्त होने पर कार्रवाई की जाती है। हाल ही में तीन कर्मचारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति व 20 को लघुदंड दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो मामलों में दो पुलिस कर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। समिति ने जनपद के बाल संरक्षण गृह एवं महिला सुधार गृहों की जानकारी मांगी। डीपीओ ने एक बाल संरक्षण गृह की मांग की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अब तक अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति की घटनाओं में 70 परिवारों को राहत धनराशि का लाभ दिया गया है। समिति के सदस्य शशांक यादव ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को कोल्ड स्टोर, भट्ठे व छपाई कारखानों आदि में बाल श्रमिकों द्वारा कार्य कराए जाने पर संबंधित पर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव, प्रदीप कुमार, विजय कुमार शर्मा व जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।