फर्रुखाबाद। नगर पालिका के बाहर लगे वाटरकूलर पर पानी पीते समय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मरने वाला पालिका परिसर के बाहर फल की ठेली लगाता था। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को घर ले गए।
शहर कोतवाली के मोहल्ला चोबदरान निवासी लक्की राजपूत (18) पुत्र महेशचंद्र फल की ठेली लगाता था। गुरुवार को वह रेलवे स्टेशन सब्जी मंडी के पास आम की ठेली पर बैठा था। दोपहर को लक्की मंदिर के पास लगे नगर पालिका के वाटरकूलर से पानी पीने के लिए गया। तभी उसे करंट लग गया। इससे उसे जोरदार झटका लगा और गिर पड़ा।
उसे गिरता देखकर आसपास के ठेली दुकानदार और उसका चचेरा भाई शैलेश मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में लक्की को पास के ही प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया। चचेरा भाई शव को घर ले गया। मां बालवती का रो रोकर बुरा हाल हो गया। शैलेश ने बताया कि लक्की तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। दो बहनों में एक की शादी हो चुकी है। उसने बताया कि अन्य परिवार के लोग भी फलों की ठेली लगाकर जीवन यापन करते हैं।
सब्जी मंडी में ठेली लगाए दुकानदारों ने बताया कि इससे पहले भी वाटर कूलर में हल्का करंट आ जाता था, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। उन लोगों का कहना था कि पास में ही मॉडर्न स्कूल है। यहां से बच्चों का आना जाना बना रहता है। वह पानी भी पीते हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन लोगों ने जिला प्रशासन से उसे सही कराए जाने की मांग की है।